नजरिया न्यूज़, कुर्साकांटा/अररिया। रंजन राज।
कुर्साकांटा थाना पुलिस ने अवैध शराब कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 26 लीटर देसी चुलाई शराब बरामद की है। इस कार्रवाई में शराब के धंधे से जुड़े एक कारोबारी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार की संध्या कुर्साकांटा थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि हरिपुर वार्ड संख्या-07 में एक व्यक्ति अपने घर से अवैध रूप से देसी चुलाई शराब की बिक्री कर रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थानाध्यक्ष रोहित कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से 26 लीटर देसी चुलाई शराब बरामद की तथा हरिपुर वार्ड संख्या-07 निवासी जगदेव सिंह (पिता- स्वर्गीय सुंदरलाल सिंह) को गिरफ्तार कर लिया।
थानाध्यक्ष रोहित कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध उनके स्वलिखित बयान के आधार पर कुर्साकांटा थाना में बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में अररिया भेज दिया गया।
उन्होंने कहा कि अवैध शराब के निर्माण, भंडारण एवं बिक्री के खिलाफ कुर्साकांटा थाना पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा। इस तरह के अवैध कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। आम लोगों से भी अपील की गई है कि अवैध शराब से संबंधित किसी भी गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके।






















