नजरिया न्यूज़, आरएस/अररिया। विकाश प्रकाश।
आरएस थाना क्षेत्र के हरियाबाड़ा स्थित एनएच-27 किनारे गुरुवार देर रात एक युवक के गंभीर रूप से घायल अवस्था में खून से लथपथ मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। युवक की पहचान हरियाबाड़ा वार्ड संख्या-09 निवासी मो. शरीफ के 25 वर्षीय पुत्र समीउल्लाह के रूप में हुई। परिजनों ने आनन-फानन में उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल अररिया ले जाने का प्रयास किया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
परिजनों ने बताया कि देर रात घर से करीब 200 मीटर की दूरी पर सड़क किनारे समीउल्लाह खून से लथपथ पड़ा मिला। सूचना मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और उसे अस्पताल ले गए। परिजनों का आरोप है कि आपसी विवाद के कारण अज्ञात लोगों ने धारदार हथियार से हमला कर उसकी हत्या कर दी और शव को सड़क किनारे फेंक दिया।
बताया गया कि मृतक के पेट और गर्दन पर धारदार हथियार से कई वार किए गए थे, जिससे उसकी मौके पर ही गंभीर स्थिति हो गई। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
घटना की सूचना मिलते ही सदर एसडीपीओ सुशील कुमार तथा आरएस थाना पुलिस सदर अस्पताल पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने मृतक के परिजनों से घटना की जानकारी ली और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस का कहना है कि हत्या के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। प्रथम दृष्टया मामला आपसी रंजिश का प्रतीत हो रहा है, हालांकि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। घटना के बाद हरियाबाड़ा क्षेत्र में शोक और तनाव का माहौल है।






















