जोगबनी/रानी (विराटनगर) राकेश कुमार।
भारत-नेपाल सीमा स्थित जोगबनी बॉर्डर के नेपाल क्षेत्र रानी (विराटनगर) में गुरुवार को दुकानदारों ने नेपाल प्रशासन के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। विरोध के दौरान प्रदर्शनकारियों ने कुछ समय के लिए नेपाल से भारत आने-जाने वाले मुख्य बैरियर को बंद कर दिया, जिससे सीमा पर आवागमन प्रभावित हुआ।
जानकारी के अनुसार, जोगबनी से नेपाल में प्रवेश करते ही दो सड़कें हैं, जिनमें एक बड़ी तथा दूसरी छोटी सड़क है। नेपाल प्रशासन द्वारा छोटी सड़क पर नया बैरियर लगाए जाने के निर्णय का स्थानीय दुकानदारों ने विरोध किया। दुकानदारों का कहना है कि वर्षों से एक बैरियर पहले से मौजूद है, ऐसे में दूसरा बैरियर लगाने की आवश्यकता नहीं है। उनका आरोप है कि नए बैरियर के कारण भारत की ओर से आने वाले ग्राहकों की संख्या कम हो जाएगी, जिससे स्थानीय व्यापार पर प्रतिकूल असर पड़ेगा और कई दुकानदारों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो सकता है।
विरोध के दौरान दुकानदारों और नेपाल प्रशासन के अधिकारियों के बीच काफी देर तक तीखी नोकझोंक हुई। प्रदर्शनकारी प्रशासन से नया बैरियर हटाने की मांग पर अड़े रहे। हालांकि, बाद में प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए प्रदर्शनकारियों को वहां से हटाया और मुख्य मार्ग को खाली कराकर आवागमन पुनः सामान्य कराया।
घटना के बाद सीमा क्षेत्र में कुछ समय तक तनाव का माहौल बना रहा, लेकिन प्रशासन की कार्रवाई के बाद स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। फिलहाल सीमा पर आवाजाही सामान्य रूप से जारी है। स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि यदि उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो वे आगे भी आंदोलन करने को विवश होना पड़ सकता है।






















