
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शाखा प्रबंधक राजीव कुमार ने बताया कि भारतीय स्टेट बैंक की स्थापना 1 जुलाई 1955 को हुई थी। उन्होंने कहा कि ग्राहकों के विश्वास, सहयोग और निरंतर बढ़ते खातों की संख्या के कारण आज बैंक सफलता के 71वें वर्ष में प्रवेश कर चुका है। उन्होंने कहा कि एसबीआई हमेशा अपने ग्राहकों को बेहतर बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध रहा है और भविष्य में भी आधुनिक एवं सुरक्षित बैंकिंग सुविधाएं प्रदान करता रहेगा।
शाखा प्रबंधक ने अररिया के सभी सम्मानित ग्राहकों, पेंशनधारियों एवं खाताधारकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके विश्वास और सहयोग के कारण ही बैंक लगातार नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर रहा है। उन्होंने सभी ग्राहकों से आगे भी बैंक से जुड़े रहने तथा अपनी बैंकिंग सेवाओं का लाभ उठाने की अपील की।
समारोह के दौरान उपस्थित पेंशनधारियों, खाताधारकों एवं पत्रकारों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। सम्मान समारोह के बाद सभी लोगों के बीच केक एवं मिठाइयों का वितरण किया गया। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने बैंक के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर बैंक के अधिकारी, कर्मचारी, पेंशनधारी, ग्राहक तथा बड़ी संख्या में स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने भारतीय स्टेट बैंक की जनसेवा, विश्वसनीयता और उत्कृष्ट बैंकिंग सेवाओं की सराहना करते हुए स्थापना दिवस को यादगार बनाया।






















