नजरिया न्यूज़ कुर्साकांटा, अररिया। रंजन राज।
अररिया के पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार ने मंगलवार को कुर्साकांटा थाना का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना की विधि-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, लंबित कांडों के अनुसंधान, अभिलेखों के रख-रखाव तथा पुलिस कार्यप्रणाली की गहन समीक्षा की।
इस दौरान एसपी ने थाना में संधारित विभिन्न पंजियों एवं अभिलेखों का अवलोकन किया। उन्होंने कांड पंजी, स्टेशन डायरी, मालखाना पंजी, गिरफ्तारी पंजी, वारंट एवं कुर्की पंजी, लंबित अनुसंधान, शिकायत पंजी, महिला हेल्प डेस्क सहित अन्य महत्वपूर्ण अभिलेखों की जांच करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक ने अनुसंधानकर्ताओं को निर्देश दिया कि सभी लंबित कांडों का निष्पक्ष एवं समयबद्ध अनुसंधान कर शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी मामले को अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रखा जाए।
उन्होंने शराब माफियाओं, नशा कारोबारियों एवं अन्य आपराधिक तत्वों के विरुद्ध लगातार सघन अभियान चलाकर कठोर कानूनी कार्रवाई करने का निर्देश दिया। साथ ही नियमित वाहन जांच, रात्रि गश्ती, वारंटियों की गिरफ्तारी तथा अपराध नियंत्रण को और प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया।
एसपी ने पुलिस पदाधिकारियों को आम जनता के साथ संवेदनशील एवं सम्मानजनक व्यवहार करने तथा प्राप्त शिकायतों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश भी दिया।
इस मौके पर कुर्साकांटा थानाध्यक्ष रोहित कुमार, फारबिसगंज पुलिस निरीक्षक धन प्रसाद सहित थाना के सभी पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।





















