नजरिया न्यूज़,
कुर्साकांटा (अररिया)। मंगलवार। प्रखंड मुख्यालय स्थित मनरेगा भवन में मंगलवार को विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) – वीबी-जी राम जी एक्ट-2025 के तहत एक दिवसीय प्रशिक्षण सह जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार सृजन, स्वरोजगार को बढ़ावा देना तथा आपदा के समय आवश्यक सामुदायिक संरचनाओं के निर्माण एवं संरक्षण को लेकर संबंधित कर्मियों को प्रशिक्षित करना था।
प्रशिक्षण में अधिकारियों ने बताया कि मिशन के तहत ग्रामीण परिवारों को मुर्गी शेड, बकरी शेड, पशु शेड सहित आजीविका बढ़ाने वाली योजनाओं से जोड़ने पर विशेष बल दिया जाएगा। इसके अलावा बाढ़ जैसी प्राकृतिक आपदाओं से बचाव के लिए ऊंचे सामुदायिक शेल्टर, अस्पताल, आंगनबाड़ी केंद्र, पंचायत भवन, सामुदायिक भवन तथा अन्य सार्वजनिक परिसंपत्तियों के निर्माण एवं संरक्षण की प्रक्रिया की भी विस्तार से जानकारी दी गई।
सत्र के दौरान योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, लाभार्थियों के चयन, कार्यों में पारदर्शिता, समयबद्ध निष्पादन तथा सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने को लेकर विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया। अधिकारियों ने सभी कर्मियों से क्षेत्र में जाकर लोगों को जागरूक करने और योजनाओं को धरातल पर सफलतापूर्वक लागू करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी (पीओ) परवेज आलम, पीटीए दाऊद इब्राहिम, सतीश कुमार, पीआरएस रूपेश कुमार, मिथिलेश कुमार, रमन कुमार, मोहम्मद अनवर सहित प्रखंड के अन्य कर्मी एवं संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों से योजनाओं के सफल क्रियान्वयन के लिए समन्वय बनाकर कार्य करने की अपील की गई।





















