संजय कुमार, संवाददाता पलासी अररिया
पलासी थाना क्षेत्र में मुहर्रम पर्व 2026 के दौरान ताजिया जुलूस के समय हुए उपद्रव, थाना परिसर में घुसकर तोड़फोड़ और पुलिस पर हमले के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 10 आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में पलासी थाना दर्ज की गई है, जिसमें 41 नामजद एवं 40-50 अज्ञात लोगों को आरोपित बनाया गया है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, 27 जून को बरहट से ताजिया जुलूस पलासी बाजार होते हुए डेहटी कर्बला जा रहा था। इसी दौरान पलासी थाना के सामने सुरक्षा व्यवस्था के लिए बैरिकेडिंग लगाई तोड़ने का प्रयास किया।
पुलिस द्वारा रोकने पर स्थिति तनावपूर्ण हो गई और उपद्रवियों ने पुलिस बल पर हमला कर दिया। आरोप है कि भीड़ बैरिकेडिंग तोड़ते हुए थाना परिसर में घुस गई तथा लाठी, डंडा, तलवार और भाला जैसे हथियारों से थाना परिसर में खड़ी मोटरसाइकिलों सहित सरकारी संपत्ति को क्षतिग्रस्त कर दिया। सुरक्षाकर्मियों द्वारा रोकने का प्रयास करने पर उनके साथ भी मारपीट की गई, जिससे थाना परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना के बाद थाना में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच की गई। पुलिस ने फुटेज में दिखाई देने वाले लोगों की पहचान कर 41 व्यक्तियों को नामजद किया है। इनके अलावा 40 से 50 अज्ञात लोगों को भी अभियुक्त बनाया गया है।पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए अब तक 10 आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। शेष आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।पुलिस के अनुसार सभी आरोपितों पर अवैध जमावड़ा, सरकारी कार्य में बाधा, पुलिस पर जानलेवा हमला, थाना परिसर में जबरन प्रवेश, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने तथा अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार ने बताया कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। घटना में शामिल अन्य फरार आरोपितों की पहचान एवं गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है।





















