संजय कुमार, संवाददाता पलासी अररिया
नेपाल के तराई क्षेत्रों में लगातार हो रही भारी बारिश का असर अब भारत-नेपाल सीमा से सटे अररिया जिले के पलासी प्रखंड क्षेत्र में साफ दिखाई देने लगा है। बकरा नदी के बढ़ते जलस्तर के कारण धर्मगंज से मेहरो चौक को जोड़ने वाली मुख्य सड़क पर कोठी घाट के पास तेज कटाव हो रहा है। कटाव की वजह से सड़क का लगभग एक चौथाई हिस्सा नदी में समाता जा रहा है, जिससे इस महत्वपूर्ण मार्ग के अस्तित्व पर खतरा मंडराने लगा है।
सड़क किनारे लगे दो बिजली के पोल भी कटाव की जद में आ गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कटाव-रोधी कार्य नहीं कराया गया तो सड़क ध्वस्त होने के साथ-साथ बिजली आपूर्ति भी बाधित हो सकती है।
यह सड़क धर्मगंज, मेहरो चौक और आसपास के कई गांवों को जोड़ने वाला प्रमुख संपर्क मार्ग है। इसके क्षतिग्रस्त होने पर हजारों लोगों को लंबी दूरी तय करनी पड़ेगी, जिससे छात्रों, किसानों, मरीजों और आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
ग्रामीणों के अनुसार नदी का कटाव प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है और सड़क के किनारे लगातार मिट्टी धंस रही है। इससे कभी भी बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है।
ग्रामीण रविन्द्र सिंह, राजू सिंह, मो. कस्तूरी अली, पंकज कुमार, लालमोहर पासवान, अघौनु पासवान, मानिक सिंह, मिंटू सिंह, पंकज सिंह, नीरज सिंह, चंदन सिंह, पवन सिंह, अत्ताउल्लाह और सैफुल्लाह सहित बड़ी संख्या में लोगों ने प्रशासन से अविलंब कटाव-रोधी कार्य शुरू कराने की मांग की है।
इस संबंध में अनुमंडल पदाधिकारी बलवीर दास ने बताया कि मामले की जानकारी संबंधित विभाग को दी जाएगी और जल्द ही आवश्यक कटाव-रोधी कार्य शुरू कराने की पहल की जाएगी।
फिलहाल स्थानीय लोगों की निगाहें प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं। समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो बकरा नदी का कटाव इस महत्वपूर्ण सड़क को पूरी तरह अपने आगोश में ले सकता है, जिससे पूरे क्षेत्र का संपर्क प्रभावित होने की आशंका है।





















