बीरेंद्र पांडेय, शिक्षा संवाददाता नजरिया न्यूज किशनगंज, 30जून 2026।
जिला पदाधिकारी नवीन कुमार ने मंगलवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय में जीविका के कार्यों की समीक्षा की. जिला में जीविका द्वारा संचालित कार्यों के अद्यतन प्रतिवेदन उनके समक्ष प्रस्तुत किया गया. समीक्षात्मक बैठक के दौरान जिला पदाधिकारी ने जीविका द्वारा किशनगंज जिला में किये जा रहे कार्य जीविका स्वयं सहायता समूह का निर्माण, जीविका दीदियों का क्षमतावर्धन, वित्तीय समावेशन, जीविकोपार्जन से संबंधित विभिन्न गतिविधि, जीविका दीदी की रसोई, जीविका दीदी का सिलाई घर, जीविका दीदी का अधिकार केंद्र, जीविका दीदी की नर्सरी, कृषि, पशुपालन, स्वास्थ्य स्वच्छता पोषण, लखपति दीदी, मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना इत्यादि कार्यों की विस्तृत जानकारी ली. जीविका दीदियों द्वारा पोठिया में संचालित टी फैक्ट्री से जुड़े कार्यों की जानकारी प्राप्त की. इस मौके पर जिला पदाधिकारी नवीन कुमार ने महानंदा लीफ चायपत्ती उत्पादन पर संतोष जाहिर करते हुए, इसके बाजार विस्तार पर विशेष रणनीति बनाकर काम करने का निर्देश दिया. उन्होंने बताया कि महानंदा लीफ चायपत्ती किशनगंज जिला और जीविका दीदियों की पहचान बने इस दिशा में मिलकर काम करने की जरुरत है. उन्होंने जीविका द्वारा संचालित विभिन्न जीविकोपार्जन गतिविधि को बेहतर तरीके से संचालित करने के निर्देश दिए. इस मौके पर जीविका डीपीएम अनुराधा चंद्रा सहित जीविका के प्रबंधक उपस्थित थे. किशनगंज जिला में लगभग 24 हजार जीविका स्वयं सहायता समूह से जुड़ी लगभग तीन लाख जीविका दीदियों के जीवन में गुणात्मक सुधार हो इस दिशा में पूरी टीम को काम करने का निर्देश दिया. इस अवसर पर जिला पदाधिकारी ने विभिन्न विभागों से तालमेल कर किशनगंज जिला की जीविका दीदियों द्वारा तैयार उत्पादों के बाजार विस्तार पर योजनागत तरीके से काम करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि किशनगंज जिला की जीविका दीदियां, रोजगार स्वरोजगार के विभिन्न साधन अपना कर आर्थिक स्वावलंबन की तरफ कदम बढ़ा सके, आत्मनिर्भर बन सके इस दिशा में कार्य करना है. उन्होंने जिला की जीविका दीदियों के लिए आय के साधन और आमदनी बढ़ाने की दिशा में सबको मिलकर काम करने का निर्देश दिया.





















