- विभागीय आदेश पर पटना से आई टीम ने विभिन्न अभिलेखों का किया अवलोकन, जांच रिपोर्ट के बाद आगे होगी कार्रवाई
नजरिया न्यूज़, सहरसा। विकास कुमार।
नगर विकास एवं आवास विभाग, पटना की एक उच्चस्तरीय जांच टीम मंगलवार को सहरसा नगर निगम कार्यालय पहुंची। विभागीय आदेश के आलोक में पहुंची टीम ने नगर निगम की विभिन्न संचिकाओं, अभिलेखों एवं प्रशासनिक दस्तावेजों का कई घंटों तक गहन अवलोकन किया।
जांच टीम के नगर निगम पहुंचने से पूरे कार्यालय परिसर में हलचल का माहौल बना रहा और अधिकारियों व कर्मचारियों के बीच दिनभर जांच को लेकर चर्चाओं का दौर चलता रहा। जांच टीम ने नगर निगम कार्यालय में उपलब्ध विभिन्न शाखाओं से संबंधित संचिकाओं की जांच की तथा आवश्यक दस्तावेजों का अवलोकन किया।
इस दौरान संबंधित अधिकारियों से भी आवश्यक जानकारी ली गई। जांच की प्रक्रिया कई घंटों तक चली, जिसमें विभागीय अभिलेखों का बारीकी से परीक्षण किया गया। पटना से आए जांच दल के सदस्यों ने बताया कि विभागीय आदेश के आलोक में सहरसा नगर निगम पहुंचकर संचिकाओं का अवलोकन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जांच की प्रक्रिया पूरी होने के बाद विभाग को विस्तृत रिपोर्ट सौंपी जाएगी। रिपोर्ट में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर विभाग आगे की कार्रवाई करेगा। हालांकि जांच टीम ने यह स्पष्ट नहीं किया कि जांच किस विशेष मामले अथवा शिकायत के संबंध में की जा रही है। उन्होंने कहा कि फिलहाल जांच प्रक्रिया जारी है और निर्धारित बिंदुओं पर सभी आवश्यक दस्तावेजों का परीक्षण किया जा रहा है।
जांच पूरी होने के बाद ही विस्तृत जानकारी साझा की जा सकेगी। नगर निगम कार्यालय में जांच टीम के आगमन को लेकर दिनभर चर्चाएं होती रहीं। अधिकारियों ने जांच में पूरा सहयोग दिया तथा टीम को मांगे गए सभी अभिलेख उपलब्ध कराए। अब सभी की निगाहें जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं, क्योंकि रिपोर्ट के आधार पर ही विभाग की ओर से आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।




















