नजरिया न्यूज़, अररिया। शहर के एडीबी चौक स्थित भोजपुर मार्केट के समीप मंगलवार को रॉन्ग साइड से आ रही एक नेक्सॉन कार की टक्कर से एक बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद कुछ देर के लिए घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर यातायात पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल इलाज के लिए अररिया सदर अस्पताल भेजवाया। साथ ही सड़क पर यातायात व्यवस्था को भी सुचारू कराया।
घायल युवक की पहचान प्लासी प्रखंड के पन विजयवाड़ा निवासी सुकेन्द्र मंडल के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार नेक्सॉन कार (संख्या BR 11 BC 3283) बस स्टैंड की ओर से रॉन्ग साइड होकर एडीबी चौक की तरफ आ रही थी। इसी दौरान चांदनी चौक की ओर से आ रही ग्लैमर बाइक (संख्या BR 38 M 4314) से उसकी आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार सड़क पर गिरकर घायल हो गया।
घटना के बाद आसपास के लोगों ने तत्काल घायल को संभाला और पुलिस को सूचना दी। यातायात पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल को अस्पताल पहुंचाने के साथ-साथ सड़क पर लगे जाम को हटाकर यातायात सामान्य कराया।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने शहर में बढ़ रही रॉन्ग साइड ड्राइविंग पर चिंता व्यक्त की। उनका कहना है कि व्यस्त बाजार और चौक-चौराहों पर गलत दिशा में वाहन चलाने की प्रवृत्ति लगातार दुर्घटनाओं का कारण बन रही है। लोगों ने प्रशासन से ऐसे वाहन चालकों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।
स्थानीय नागरिकों ने कहा कि परिवहन विभाग और यातायात पुलिस द्वारा बाइक चालकों पर हेलमेट, लाइसेंस एवं अन्य नियमों के उल्लंघन को लेकर लगातार कार्रवाई की जाती है, लेकिन चारपहिया वाहन चालकों द्वारा रॉन्ग साइड वाहन चलाने और यातायात नियमों की अनदेखी पर भी समान रूप से सख्ती आवश्यक है। उनका मानना है कि सभी वाहन चालक नियमों का पालन करेंगे, तभी सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकेगा।




















