नजरिया न्यूज़
नरपतगंज,अररिया। नरपतगंज थाना क्षेत्र के गोरराहा चौक पर बीते दिनों सरेशाम हुई गोलीबारी और मारपीट की घटना से इलाके में दहशत का माहौल है। बेखौफ बदमाशों ने कथित तौर पर न केवल दो युवकों के साथ मारपीट की, बल्कि विरोध करने पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी, जिसमें एक 14 वर्षीय किशोर गोली लगने से घायल हो गया। घायल किशोर का इलाज चल रहा है।
घटना को लेकर गोरराहा निवासी भुवनेश्वर मंडल ने नरपतगंज थाने में आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराई है। दर्ज कांड संख्या 377/26 में मुखिया अमरेंद्र यादव के दो पुत्रों अभिजीत कुमार और अभिनव कुमार सहित मंजय कुमार, रंजीत यादव एवं पांच-छह अज्ञात लोगों को नामजद किया गया है।
पीड़ित पक्ष के अनुसार, अरविंद कुमार अपने चचेरे भाई अखिलेश के साथ फारबिसगंज अस्पताल जा रहा था। इसी दौरान गोरराहा चौक के समीप पहले से घात लगाए आरोपितों ने दोनों को घेर लिया। आरोप है कि हथियारों से लैस बदमाशों ने उनके साथ मारपीट की तथा जबरन ले जाने का प्रयास किया।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपितों ने करीब 2.65 लाख रुपये मूल्य के जेवरात, नकदी और घड़ी भी छीन ली। घटना के दौरान जब आसपास के लोग जुटने लगे तो आरोपितों ने भीड़ को डराने के लिए लगभग 10 राउंड फायरिंग कर दी।
गोलीबारी के दौरान दुकान पर मौजूद स्थानीय व्यवसायी के भांजे रोशन कुमार (14 वर्ष) को गोली लग गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
इधर, पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है। मामले को लेकर नरपतगंज थानाध्यक्ष संजय कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से आवेदन प्राप्त हुआ है तथा कांड दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सभी बिंदुओं की जांच कर रही है और आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
थानाध्यक्ष ने कहा कि जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि घटना में किस पक्ष की क्या भूमिका है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच में जुटी हुई है।






















