नजरिया न्यूज़ ,जोकीहाट, अररिया ।
जोकीहाट प्रखंड के पथराबाड़ी गांव स्थित ईदगाह मैदान में बसिया मेले के दौरान एक हादसे के बाद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। मेला देखने आए पथराबाड़ी निवासी बल्लू के तीन वर्षीय पुत्र मसरूला को एक टाटा अल्ट्रोज कार ने अपनी चपेट में ले लिया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्थानीय निवासी फर्बुल ने तत्परता दिखाते हुए बच्चे को वाहन के नीचे से सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हादसे में बच्चे को मामूली चोटें आईं और वह सुरक्षित है।
घटना से आक्रोशित लोगों ने टाटा अल्ट्रोज कार को घेर लिया और उसके शीशे, दरवाजे व अन्य हिस्सों में जमकर तोड़फोड़ कर दी। कुछ ही देर में वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है।
इस बीच, जोकीहाट के पूर्व सरपंच खालिक मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाकर माहौल को शांत कराया। उनके प्रयास से स्थिति सामान्य हुई। बताया जा रहा है कि दोनों पक्ष आपसी सहमति से पंचायत के माध्यम से मामले का समाधान निकालने की कोशिश कर रहे हैं।फिलहाल पुलिस को घटना की जानकारी दे दी गई है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।






















