नजरिया न्यूज़
नरपतगंज, अररिया। भारत-नेपाल सीमा पर अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत फुलकाहा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 45 लीटर नेपाली शराब के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक बाइक भी जब्त की है, जिसकी जांच जारी है।
जानकारी के अनुसार, रविवार की शाम गुप्त सूचना मिलने पर फुलकाहा थाना पुलिस ने फुलकाहा-लक्ष्मीपुर मुख्य सड़क स्थित वार्ड संख्या 11 के समीप सघन वाहन जांच एवं छापेमारी अभियान चलाया। इसी दौरान पुलिस ने एक युवक को संदिग्ध अवस्था में रोककर तलाशी ली, जिसमें उसके पास से 150 बोतल ‘दिलवाले’ नेपाली शराब बरामद हुई। जब्त शराब की कुल मात्रा करीब 45 लीटर बताई गई है।
गिरफ्तार युवक की पहचान नेपाल के सुनसरी जिला अंतर्गत दीवानगंज थाना क्षेत्र के पांचोसीमार गांव वार्ड संख्या 03 निवासी 19 वर्षीय राजकुमार यादव के रूप में हुई है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त हीरो पैशन प्रो बाइक (बीआर-25बी-2217) को भी जब्त कर लिया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्रथम दृष्टया जब्त बाइक संदिग्ध प्रतीत हो रही है। वाहन के स्वामित्व और उससे संबंधित दस्तावेजों की जांच की जा रही है। सीमा क्षेत्र में लगातार हो रही पुलिस कार्रवाई से शराब तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है।
इस अभियान में पुलिस अवर निरीक्षक शंभू शर्मा समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। फुलकाहा थानाध्यक्ष विकास कुमार मौर्य ने बताया कि आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद गिरफ्तार तस्कर को सोमवार को न्यायिक हिरासत में भेजते हुए अररिया जेल भेज दिया गया।
थानाध्यक्ष ने कहा कि भारत-नेपाल सीमा पर अवैध शराब कारोबार और तस्करी के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे कारोबार में शामिल लोगों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।






















