बीती रात अररिया में आई तेज आंधी और मूसलाधार बारिश ने भारी तबाही मचाई है। मौसम के इस रौद्र रूप के कारण अररिया प्रखंड कार्यालय के ठीक सामने स्थित सालों पुराना एक विशाल आम का पेड़ अचानक जड़ से उखड़कर मुख्य सड़क पर जा गिरा। पेड़ गिरने से मुख्य मार्ग पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
इस हादसे की चपेट में आने से प्रखंड कार्यालय के सामने स्थित संजय कुमार की फोटोकॉपी की दुकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। दुकान मालिक को इस घटना में भारी आर्थिक नुकसान होने की आशंका है। स्थानीय लोगों के अनुसार, गनीमत यह रही कि यह घटना देर रात घटित हुई, जब सड़क और दुकान के आसपास आवाजाही नहीं के बराबर थी। अगर यही घटना दिन के समय हुई होती, तो जान-माल का एक बड़ा नुकसान हो सकता था।
सुबह होते ही स्थानीय लोग भारी संख्या में मौके पर जमा हो गए। प्रशासन की टीम के पहुंचने का इंतजार किए बिना, ग्रामीणों ने तत्परता दिखाई। स्थानीय लोगों ने कुल्हाड़ी और दबिया की मदद से पेड़ की भारी टहनियों और तने को काटकर कड़ी मशक्कत के बाद सड़क के किनारे किया। पेड़ हटाए जाने के बाद ही इस मुख्य मार्ग पर दोबारा आवागमन सुचारू रूप से बहाल हो सका। इस घटना ने एक बार फिर प्राकृतिक आपदाओं के सामने सुरक्षा इंतजामों की पोल खोल दी है।






















