नजरिया न्यूज़,
रानीगंज/अररिया। बलराम बिश्वास।
रानीगंज नगर पंचायत के वार्ड संख्या 16 स्थित पंजियार टोला की रहने वाली 17 वर्षीय जया श्री की राजस्थान के कोटा में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। जया पिछले छह महीने से कोटा में रहकर संयुक्त प्रवेश परीक्षा (जेईई) की तैयारी कर रही थी। रविवार सुबह उसकी मौत की खबर मीडिया माध्यमों से रानीगंज पहुंची, जिसके बाद परिवार में कोहराम मच गया।
परिजनों के अनुसार जया ने अररिया से दसवीं की परीक्षा उत्तीर्ण करने के बाद इंजीनियर बनने का सपना लेकर कोटा का रुख किया था। वह वहां एक प्रतिष्ठित कोचिंग संस्थान में रहकर प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रही थी। पिता योगेश पंजियार ने बताया कि शनिवार रात करीब नौ बजे उनकी बेटी से सामान्य बातचीत हुई थी। जया ने पढ़ाई और क्लास की जानकारी दी तथा कहा कि वह मेस में खाना खाने जा रही है और बाद में मां से बात करेगी।
रात करीब दस बजे तक जया का फोन नहीं आने पर परिजनों ने कई बार संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उसने फोन रिसीव नहीं किया। इससे परिवार की चिंता बढ़ गई। इसी बीच रात लगभग 11 बजे एक अज्ञात व्यक्ति ने फोन कर बताया कि उनकी बेटी गंभीर हालत में फ्लाईओवर के नीचे मिली है और उसे अस्पताल ले जाया जा रहा है।
पिता के अनुसार कुछ देर बाद अस्पताल से फोन आया, जिसमें जया ने लगभग 30 सेकेंड तक उनसे बात की। उसने रोते हुए कहा, “पापा मुझे बचा लीजिए, मैं मरने वाली हूं। मेरे शरीर में बहुत दर्द हो रहा है।” इसके बाद अस्पताल कर्मियों ने फोन अपने पास ले लिया।
परिवार रविवार सुबह कोटा जाने की तैयारी कर ही रहा था कि उन्हें बेटी की मौत की सूचना मिल गई। इस खबर के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पिता ने कहा कि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि जया फ्लाईओवर के नीचे कैसे पहुंची और उसके साथ क्या हुआ। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
101 ग्राम स्मैक के साथ दो गिरफ्तार
नजरिया न्यूज़, अररिया। जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे विशेष...






















