नजरिया न्यूज़, अररिया। जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अररिया पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 101 ग्राम स्मैक के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि नशे के कारोबार के विरुद्ध यह अभियान लगातार जारी रहेगा और इसमें संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
पुलिस अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीपीओ) सुशील कुमार ने प्रेस वार्ता में बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आरएस थाना क्षेत्र में नियमित वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में 25 जून को अररिया-रानीगंज एनएच-327ई स्थित स्टार ग्लोबल स्कूल के समीप जांच के दौरान एक पल्सर मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक पुलिस को देखकर भागने लगे। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान रवि कुमार के पास से प्लास्टिक बॉक्स में छिपाकर रखा गया 101 ग्राम स्मैक बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान रवि कुमार (28 वर्ष) एवं गुलशन कुमार (23 वर्ष), दोनों निवासी नड़की, थाना रानीगंज, जिला अररिया के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के विरुद्ध आरएस थाना कांड संख्या 144/26 दर्ज करते हुए एनडीपीएस एक्ट की धारा 8(सी), 21(बी) एवं 25 के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। मौके से एक पल्सर मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
एसडीपीओ ने कहा कि नशीले पदार्थों का अवैध कारोबार केवल कानून-व्यवस्था की चुनौती नहीं, बल्कि समाज और विशेषकर युवाओं के भविष्य के लिए गंभीर खतरा है। ऐसे अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए पुलिस लगातार निगरानी, वाहन जांच और छापेमारी अभियान चला रही है। उन्होंने आम नागरिकों से भी अपील की कि यदि कहीं नशे के कारोबार की जानकारी मिले तो उसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समाज को नशामुक्त बनाने की दिशा में प्रशासन और जनता मिलकर प्रभावी कदम उठा सकें।






















