पोठिया (किशनगंज)। (बयूरो)बीरेंद्र चौहान।
दलुआहाट नेपाली चौक पर अवैध बालू खनन की सूचना पर कार्रवाई के दौरान पुलिस और कुछ लोगों के बीच हुई हाथापाई के मामले में गुरुवार को पुलिस ने व्यापक छापेमारी अभियान चलाया। मटियाभिटा गांव में भारी संख्या में पुलिस बल के साथ पहुंची पुलिस को देखकर क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
छापेमारी अभियान का नेतृत्व ठाकुरगंज एसडीपीओ-2 मनोज कुमार सिंह ने किया। अभियान में सर्किल इंस्पेक्टर पंकज कुमार पंथ, पोठिया थाना प्रभारी अजय आमन, पहाड़कट्टा थानाध्यक्ष फुलेंद्र कुमार, छत्तरगाछ कैंप प्रभारी शैलेश कुमार, अपर थानाध्यक्ष मणिभूषण पासवान समेत कई पुलिस अधिकारी शामिल रहे।
जानकारी के अनुसार, दलुआहाट क्षेत्र में अवैध रूप से बालू खनन कर ट्रैक्टर से ढुलाई किए जाने की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और एक बालू लदे ट्रैक्टर को जब्त कर लिया। आरोप है कि कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों ने विरोध करते हुए ट्रैक्टर से बालू खाली कर दिया और पुलिस की कार्रवाई में बाधा पहुंचाई। इसके बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई तथा पुलिस टीम के साथ हाथापाई की घटना भी हुई
पुलिस का आरोप है कि घटना के दौरान वीडियो बना रहे एक पुलिसकर्मी का मोबाइल भी छीन लिया गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने मुख्य आरोपी मटियाभिटा निवासी अबूशमा के घर छापेमारी की। इस दौरान छीना गया मोबाइल बरामद कर लिया गया, जबकि आरोपी फरार बताया जा रहा है।
पोठिया थाना प्रभारी अजय आमन ने बताया कि सरकारी कार्य में बाधा डालने, पुलिस के साथ हाथापाई करने और मोबाइल छीनने सहित अन्य आरोपों में प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन और कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। मामले की पुष्टि पोठिया थाना प्रभारी अजय आमन ने की है।






















