नजरिया न्यूज़,
भरगामा:अररिया। भरगामा प्रखंड के रघुनाथपुर दक्षिण एवं रघुनाथपुर उत्तर पंचायत में प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क पर कथित अतिक्रमण को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है। दर्जनों ग्रामीणों ने अंचल पदाधिकारी को आवेदन देकर सड़क को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग की है।
आवेदन में कहा गया है कि मवेशी हाट से रेशम लाल चौक तक जाने वाली सड़क पर एक व्यक्ति द्वारा पिलर, लकड़ी और मिट्टी रखकर अतिक्रमण कर लिया गया है, जिससे सड़क की चौड़ाई प्रभावित हो रही है। इससे किसानों, वाहन चालकों तथा आम लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार अनुरोध के बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाया गया और विरोध करने पर अभद्र व्यवहार भी किया गया। वार्ड सदस्य राम बहादुर ने बताया कि सड़क दोनों पंचायतों के लगभग 10 हजार लोगों के आवागमन का प्रमुख मार्ग है।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से शीघ्र जांच कर सड़क को अतिक्रमण मुक्त कराने और भविष्य में दोबारा अतिक्रमण रोकने के लिए स्थायी व्यवस्था करने की मांग की है। समाचार लिखे जाने तक प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक कार्रवाई नहीं हुई थी।






















