नजरिया न्यूज़,
नरपतगंज:अररिया। श्री श्री 108 सार्वजनिक दुर्गा मंदिर फुलकाहा में स्थापित मां दुर्गा की प्रतिमा के आठवें स्थापना दिवस पर गुरुवार को श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। इस अवसर पर निकाली गई भव्य कलश शोभायात्रा में हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी, जबकि लगभग 500 महिलाओं एवं कन्याओं ने सिर पर कलश धारण कर नगर भ्रमण करते हुए क्षेत्र को भक्तिमय वातावरण से सराबोर कर दिया।
प्रातः लगभग 9 बजे मंदिर परिसर से कलश शोभायात्रा की शुरुआत हुई। शोभायात्रा में शामिल श्रद्धालुओं ने जय माता दी के जयघोष के साथ पूरे क्षेत्र में भक्ति का वातावरण बना दिया। यात्रा के दौरान रथ पर सवार राजयोगिनी ब्रह्मचारिणी प्रभा दीदी ने श्रद्धालुओं को आशीर्वाद देते हुए भाईचारे, सामाजिक समरसता एवं आस्था का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि माता का आशीर्वाद सभी भक्तों पर समान रूप से बना रहता है और शोभायात्रा में शामिल प्रत्येक श्रद्धालु को मां की कृपा अवश्य प्राप्त होगी।
कलश यात्रा की व्यवस्था एवं कतारबद्ध संचालन की जिम्मेदारी दर्जनों युवा एनसीसी छात्रों ने संभाल रखी थी। उनकी अनुशासित भूमिका की लोगों ने सराहना की।
यह भव्य यात्रा मंदिर परिसर से निकलकर फुलकाहा बाजार, गांधी चौक होते हुए शीतला मंदिर परिसर पहुंची, जहां श्रद्धालुओं ने कुएं से पवित्र जल भरकर कलश में स्थापित किया। इसके बाद यात्रा कोऑपरेटिव गोदाम, थाना सड़क एवं अटल चौक का भ्रमण करते हुए पुनः सार्वजनिक दुर्गा मंदिर पहुंची।
मंदिर परिसर पहुंचने पर पूजा समिति के सदस्यों ने श्रद्धालुओं का भव्य स्वागत किया। श्रद्धालुओं ने कलश स्थापित कर माता की विधिवत पूजा-अर्चना की तथा प्रसाद एवं मीठा जल ग्रहण कर अपने-अपने घर लौटे।
कार्यक्रम को सफल बनाने में पूजा समिति के अध्यक्ष श्यामदेव यादव, रणजीत ठाकुर, महेश प्रसाद गुप्ता, उमा प्रसाद साहा, शिव प्रसाद साहा, ललित झा, ललित पोद्दार, मनोज यादव, राजेश गुप्ता, गणेश गुप्ता, खगेन्द्र यादव, श्रवण दास, राजा ठाकुर,श्रवण गुप्ता, बबलू सिंह, संतोष साह, राजेश कुमार रजक सहित दर्जनों धर्मप्रेमी एवं सहयोगियों की सराहनीय भूमिका रही।
पूजा समिति के अध्यक्ष श्यामदेव यादव ने बताया कि गुरुवार की संध्या 3 बजे से 24 घंटे का अखंड अष्टयाम संकीर्तन भी आयोजित किया जाएगा, जिसकी तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से शामिल जिला पार्षद उपाध्यक्ष चांदनी देवी, लोजपा जिला अध्यक्ष अरुण कुमार सिंह, निर्धन महतो ,पूर्व मुखिया संजय सिंह,रणविजय शर्मा, आदि शामिल थे।
कैप्शन :
फुलकाहा में मां दुर्गा के आठवें स्थापना दिवस पर निकाली गई भव्य कलश शोभायात्रा में शामिल महिलाएं, श्रद्धालु एवं रथ पर सवार राजयोगिनी ब्रह्मचारिणी प्रभा दीदी।






















