नजरिया न्यूज़,
फारबिसगंज:अररिया। संविधान हत्या दिवस के अवसर पर गुरुवार को नगर अध्यक्ष वीरेंद्र प्रसाद मिंटू की अध्यक्षता में भाजपा कार्यकर्ताओं की एक बैठक आयोजित की गई। बैठक में भाजपा नेता प्रवीण कुमार ने 25 जून 1975 को लगाए गए आपातकाल को भारतीय लोकतंत्र के इतिहास का काला अध्याय बताते हुए कहा कि देश कभी भी उस दौर को न भूलेगा और न ही माफ करेगा।
उन्होंने कहा कि आपातकाल के दौरान लोकनायक जयप्रकाश नारायण, अटल बिहारी वाजपेयी, मोरारजी देसाई, चरण सिंह, कर्पूरी ठाकुर समेत हजारों नेताओं और कार्यकर्ताओं को जेल में बंद कर दिया गया था। प्रेस पर सेंसरशिप लगाकर अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को कुचलने का प्रयास किया गया था।
बैठक को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए आपातकाल की घटनाओं को याद रखना जरूरी है। जिला उपाध्यक्ष प्रताप नारायण मंडल, विधानसभा प्रभारी रंजीत मिश्रा, चांदनी सिंह, नूतन भारती, सुधीर सिंह सहित अन्य नेताओं ने भी अपने विचार रखे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।






















