नजरिया न्यूज़,
सिकटी:अररिया।
सिकटी प्रखंड क्षेत्र की दो प्रतिभाओं के प्रशासनिक सेवा में चयनित होने पर गुरुवार को प्रखंड मुख्यालय स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर पार्क में सम्मान एवं स्वागत समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया तथा प्रशासनिक सेवा में चयनित संतोष कुमार एवं वंदना कुमारी को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम में प्रखंड विकास पदाधिकारी परवेज आलम, पूर्व प्रमुख सह प्रमुख प्रतिनिधि मो. कमरुज्जमा, व्यापार मंडल अध्यक्ष योगेंद्र प्रसाद विश्वास, शिक्षक कदमलाल मांझी, शिक्षक महेश राम, शिक्षक रंजय पासवान, शिक्षक सदानंद पासवान, शिक्षक संजीव पासवान,किसान सलाहकार देवजी कुमार प्रियदर्शी, सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद थे। वक्ताओं ने कहा कि सिकटी प्रखंड के आमगाछी गांव निवासी संतोष कुमार ने बिहार लोक सेवा आयोग की परीक्षा उत्तीर्ण कर प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) पद प्राप्त कर क्षेत्र का मान बढ़ाया है। साधारण परिवार से निकलकर कठिन परिश्रम के बल पर हासिल की गई यह सफलता युवाओं के लिए प्रेरणादायक है। वहीं भिड़भिड़ी पंचायत के पलासमनी गांव की वंदना कुमारी ने बिहार लोक सेवा आयोग की 70वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा में सफलता प्राप्त कर प्रोबेशन ऑफिसर पद पर चयनित होकर सिकटी का गौरव बढ़ाया है। किसान परिवार से आने वाली वंदना ने सीमित संसाधनों के बावजूद मेहनत और लगन के बल पर यह मुकाम हासिल किया है। उनकी सफलता को ग्रामीण क्षेत्र की बेटियों के लिए एक नई प्रेरणा बताया गया। समारोह को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि शिक्षा, परिश्रम और दृढ़ संकल्प के माध्यम से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। संतोष कुमार और वंदना कुमारी की उपलब्धियां यह साबित करती हैं कि ग्रामीण परिवेश से निकलकर भी राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त की जा सकती है। उपस्थित लोगों ने दोनों प्रतिभाओं को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने आशा व्यक्त की कि दोनों युवा अधिकारी अपने कार्यों से समाज और क्षेत्र का नाम और अधिक रोशन करेंगे तथा आने वाली पीढ़ी को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेंगे।






















