नजरिया न्यूज़
भरगामा:अररिया। जीतू दास
मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए भरगामा पुलिस प्रशासन लगातार क्षेत्र में गश्ती कर रही है तथा विभिन्न स्थानों पर शांति समिति की बैठक आयोजित कर लोगों से भाईचारे और सौहार्द के साथ पर्व मनाने की अपील कर रही है। इसी बीच प्रखंड की वीरनगर पूर्व पंचायत में आपसी विवाद को लेकर कथित हवाई फायरिंग की घटना सामने आने से क्षेत्र में चर्चा का माहौल है।
मामले को लेकर खलीलाबाद वार्ड संख्या-1 निवासी मो. वसीक रहमानी (40 वर्ष), पिता फारूक शाह ने भरगामा थाना में लिखित आवेदन देकर जान-माल की सुरक्षा की गुहार लगाई है। दिए गए आवेदन में उन्होंने बताया है कि पूर्व में दिल्ली में ठेकेदारी के दौरान मजदूरों को लेकर हुए विवाद में कुछ लोगों ने उनके साथ मारपीट की थी। इसके बाद भय के कारण वह नेपाल में मजदूरी करने चले गए थे।
पीड़ित के अनुसार, 25 जून को वह घर लौटने के बाद कपड़ा खरीदने बनमनखी गए थे। वहां से लौटने के दौरान पिपरा के पास मो. सेराज, मो. मकसूद एवं मौजीम सहित अन्य लोगों ने उन्हें रोककर गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। स्थानीय लोगों के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ।
आवेदन में आगे कहा गया है कि शाम में वीरनगर कर्बला के समीप उक्त लोगों ने पुनः अपने 10 से 15 अज्ञात सहयोगियों के साथ उन्हें घेर लिया और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर मो. मकसूद ने कथित रूप से कमर से देशी कट्टा निकालकर उन पर दो राउंड फायरिंग कर दी। पीड़ित का आरोप है कि गोली उनके बिल्कुल पास से गुजर गई। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग जुटने लगे, जिसके बाद आरोपितों ने उन्हें दोबारा कर्बला आने पर जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि जाते-जाते आरोपितों ने ईंट-पत्थर भी फेंके, जिससे वह बाल-बाल बच गए।
घटना के बाद पीड़ित ने थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए आरोपितों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई तथा सुरक्षा की मांग की है।
इस संबंध में भरगामा थानाध्यक्ष राजेश कुमार ने बताया कि पीड़ित द्वारा आवेदन प्राप्त हुआ है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
मुहर्रम पर्व के मद्देनजर प्रशासन पहले से ही सतर्क है और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है।






















