– बेटी के जन्मदिन पर एक पेड़ लगाओ अभियान से प्रेरित हुई हुमीशा
नजरिया न्यूज़,
अररिया।
पर्यावरण संरक्षण का अनूठा संदेश डीएलएसए पैनल अधिवक्ता विमल कुमार सिंह की 6 वर्षीय पुत्री हुमीशा सिंह ने दिया है। बच्ची ने बुधवार को अपना 6वां जन्मदिन पौधा लगाकर मनाया।
प्रखण्ड रानीगंज के पंचायत मिर्जापुर स्थित प्राथमिक विद्यालय सूक्ति ऋषिदेव टोला, महसैली वार्ड-2 में आयोजित पौधारोपण कार्यक्रम में हुमीशा ने शिक्षकों, अभिभावकों और सहपाठियों के साथ मिलकर विद्यालय परिसर में नीम का पौधा रोपा और पर्यावरण बचाने का संकल्प लिया।
“पेड़ लगाओ, धरती बचाओ”
हुमीशा ने बच्चों से कहा कि एक पेड़ हजारों लोगों को जीवन देता है। पेड़ से हमें फल, छाया और शुद्ध हवा मिलती है। हम सबको साल में एक पेड़ जरूर लगाना चाहिए। पौधा लगाने के बाद बच्चे खुशी से झूम उठे। शिक्षकों ने बच्चों को ग्लोबल वार्मिंग और वृक्षों के महत्व के बारे में बताया।
“बेटी के जन्मदिन को बना दिया अविस्मरणीय”
पैनल अधिवक्ता विमल कुमार सिंह ने कहा कि केक काटने से बेहतर है धरती को हरा-भरा करना। बेटी के जन्मदिन पर लगाया गया एक पौधा आने वाली पीढ़ियों के लिए अमूल्य धरोहर बनेगा। उन्होंने सभी से अपील की कि जन्मदिन, सालगिरह जैसे अवसरों पर पौधारोपण को परंपरा बनाएं।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक ने हुमीशा के इस प्रयास की सराहना करते हुए इसे अन्य बच्चों के लिए प्रेरणा बताया। कार्यक्रम में शिक्षकगण एवं अभिभावक उपस्थित रहे।






















