नजरिया न्यूज़, पटना। भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद का पूर्वी अनुसंधान परिसर, पटना द्वारा संचालित “खेत बचाओ अभियान” के अंतर्गत 25 जून 2026 को ग्राम सेल्हौरी, प्रखंड दुल्हिन बाजार, जिला पटना में किसानों के साथ एक संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में डॉ. आशुतोष उपाध्याय, अध्यक्ष, भूमि एवं जल प्रबंधन प्रभाग, आईसीएआर-आरसीईआर, पटना तथा डॉ. प्रेम कुमार सुंदरम ने किसानों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी प्राप्त की। इस अवसर पर वैज्ञानिकों ने किसानों को उर्वरकों के संतुलित एवं वैज्ञानिक उपयोग के बारे में विस्तार से जानकारी दी तथा मृदा परीक्षण आधारित पोषक तत्व प्रबंधन अपनाने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि उर्वरकों का उचित एवं आवश्यकतानुसार उपयोग करने से उत्पादन लागत कम होती है तथा फसल उत्पादकता एवं मृदा स्वास्थ्य में सुधार होता है।
कार्यक्रम के दौरान किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) योजना पर भी चर्चा की गई। किसानों ने केसीसी प्राप्त करने में आने वाली विभिन्न समस्याओं, जैसे दस्तावेजी प्रक्रियाओं की जटिलता, बैंकिंग संबंधी कठिनाइयों तथा आवेदन के निस्तारण में विलंब आदि मुद्दों को वैज्ञानिकों के समक्ष रखा। वैज्ञानिकों ने किसानों को योजना की उपयोगिता के बारे में जानकारी दी तथा संबंधित समस्याओं को उचित मंच पर उठाने का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम में कुल 39 किसानों ने भाग लिया, जिनमें 22 महिला किसान एवं 17 पुरुष किसान शामिल थे। किसानों को कृषि संबंधी विभिन्न तकनीकी सुझाव दिए गए तथा उन्हें वैज्ञानिक खेती, संसाधनों के कुशल उपयोग एवं संस्थागत ऋण सुविधाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया। किसानों ने इस पहल की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों के आयोजन की आवश्यकता पर बल दिया। कार्यक्रम का समापन किसानों से नियमित संवाद एवं वैज्ञानिक कृषि तकनीकों के प्रसार के संकल्प के साथ हुआ।
किशनगंज, बिहार – अद्वितीय महापुरुष क्या कहते हैं, उससे अधिक महत्वपूर्ण है-उनके कर्म को जीने की कोशिश
वीरेंद्र चौहान, नजरिया न्यूज ब्यूरो, किशनगंज। महान पुरुषों ने क्या कहा है, उससे महत्वपूर्ण उनके जीवन को जीने की कोशिश।...



















