नजरिया न्यूज़
जोकीहाट:अररिया।
जोकीहाट प्रखंड कार्यालय में एसडीओ बलवीर दास ने विभिन्न विकास योजनाओं की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने बीडीओ दुर्गेश कुमार से नल-जल योजना की स्थिति की जानकारी ली। समीक्षा के दौरान चकई, सिमरिया और बगडहरा पंचायत में नल-जल योजना की बदहाल स्थिति का मामला उठाया गया।चकई पंचायत के समिति प्रतिनिधि इंतखाब आलम ने एसडीओ को बताया कि पंचायत के अधिकांश वार्डों में नल-जल योजना ठप पड़ी है। विशेष रूप से वार्ड संख्या 09, 10 और 11 में स्थिति अत्यंत खराब है, जिससे ग्रामीणों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है।वहीं, सिमरिया पंचायत के समिति प्रतिनिधि मो. फिरोज आलम ने भी नल-जल योजना में अनियमितता की शिकायत करते हुए कहा कि अधिकांश वार्डों में जलापूर्ति नहीं हो रही है और आम लोगों की समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है।बगडहरा पंचायत में भी नल-जल योजना की खराब स्थिति को लेकर पूर्व में वार्ड सदस्यों द्वारा बीडीओ को आवेदन देकर जांच की मांग की जा चुकी है। ग्रामीणों का आरोप है कि भीषण गर्मी के बावजूद नियमित जलापूर्ति नहीं हो रही है, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।एसडीओ बलवीर दास ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पीएचईडी के अभियंता को तलब किया तथा संबंधित संवेदक को जल्द से जल्द खराबियों को दूर करने का निर्देश दिया। साथ ही बीडीओ को सभी खराब नल-जल योजनाओं को चिन्हित कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।मौके पर अंचल पदाधिकारी नजमुल हसन, पंचायत समिति प्रतिनिधि इंतखाब आलम सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।






















