नजरिया न्यूज़ पलासी संवाददाता संजय कुमार
अररिया जिले के पलासी प्रखंड अंतर्गत भीखा पंचायत के मोहनिया गांव में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। मृतका की पहचान नूरजवी खातून, पति मोहम्मद इस्माइल, वार्ड संख्या-3 निवासी के रूप में हुई है।
घटना की सूचना मृतका के परिजनों को फोन के माध्यम से दी गई। सूचना मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए।
बताया जाता है कि नूरजवी खातून अपने पीछे दो छोटे-छोटे बच्चों को छोड़ गई हैं। इनमें एक पांच वर्षीय पुत्र तथा दो वर्षीय पुत्री शामिल हैं। मां की मौत के बाद दोनों बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की खबर फैलते ही गांव में मातम का माहौल बन गया। आसपास के लोगों ने मृतका के परिजनों को ढांढस बंधाया।
परिजन घटना की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं। वहीं स्थानीय लोग भी मौत के कारणों का जल्द खुलासा करने की मांग कर रहे हैं।
घटना की सूचना संबंधित अधिकारियों को भी दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
इस दुखद घटना से पूरे मोहनिया गांव में शोक व्याप्त है और हर कोई मृतका के मासूम बच्चों के भविष्य को लेकर चिंता जता रहा है।






















