अररिया/पंकज कुमार
जिले में संभावित बाढ़ की चुनौतियों से निपटने के लिये जिलाधिकारी विनोद दूहन ने बुधवार को जिले के विभिन्न संवेदनशील स्थलों पर बाढ़ नियंत्रण संबंधी तैयारियों का जायजा लिया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने फारबिसगंज-रानीगंज सड़क मार्ग स्थित कजराधार व दुलारदेई नदी के स्केप क्षेत्र का निरीक्षण किया. उन्होंने बाढ़ नियंत्रण संबंधी उपायों को लेकर संबंधित अधिकारियों को जरूरी दिशा निर्देश दिये. बाढ़ प्रमंडल के अधिकारियों को संभावित बाढ़ से निपटने के लिये सभी आवश्यक तैयारियां समय रहते पूरा करने का निर्देश दिया. जिलाधिकारी ने नदी तटों, कटाव प्रभावित क्षेत्रों व जल निकासी व्यवस्था की सतत निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. साथ ही संवेदनशील स्थलों पर आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया. इस क्रम में जिलाधिकारी ने जोगबनी में पूर्व में बाढ़ से प्रभावित रहे चैंगाबाड़ी धार व टिकुलिया बस्ती का का स्थल निरीक्षण करते हुए वस्तुस्थिति का जायजा लिया. उन्होंने पूर्व में आये बाढ़ के दौरान हुई समस्याओं को लेकर स्थानीय लोगों से जरूरी पूछताछ की. निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने कहा कि जिला प्रशासन किसी भी प्रकार के आपदा से निपटने के लिये पूरी तरह तैयार है. उन्होंने संबंधित सभी विभागों को आपसी समन्वय को बेहतर बनाते हुए संवेदनशील क्षेत्रों की नियमित निगरानी व संभावित जोखिम वाले इलाकों की सतत निगरानी सुनिश्चित कराने का आदेश दिया.






















