नजरिया न्यूज़, फारबिसगंज/अररिया।
भारतीय जनसंघ के संस्थापक एवं “एक राष्ट्र, एक निशान, एक विधान” के प्रणेता डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 74वीं पुण्यतिथि पर सोमवार को फारबिसगंज स्थित रेणु सार्वजनिक पुस्तकालय में पुष्पांजलि एवं श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने डॉ. मुखर्जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर भाजपा नेता प्रवीण कुमार और नगर अध्यक्ष वीरेंद्र प्रसाद मिंटू ने कहा कि डॉ. मुखर्जी का जीवन शिक्षा, वित्त और राष्ट्र निर्माण की विचारधारा का अद्भुत संगम था। उनके संघर्ष और बलिदान के कारण कश्मीर भारत का अभिन्न अंग बना रहा। उन्होंने राष्ट्र की एकता और अखंडता के लिए अपना सर्वस्व समर्पित कर दिया।
वक्ताओं ने कहा कि डॉ. मुखर्जी स्वदेशी नीति के प्रबल समर्थक थे और उनका राष्ट्रवादी चिंतन आज भी देशवासियों को प्रेरित करता है। कार्यक्रम को भाजपा जिला उपाध्यक्ष प्रताप नारायण मंडल, विधानसभा प्रभारी रंजीत मिश्रा, शंभू साह, प्रदीप कनोजिया, नूतन भारती, चांदनी सिंह, सुधीर सिंह सहित अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया।
सभा में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने डॉ. मुखर्जी के योगदान को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया तथा पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।






















