नजरिया न्यूज़, फारबिसगंज (अररिया)।
फारबिसगंज विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक विद्यासागर केशरी के जनसंपर्क कार्यालय में सोमवार को भारतीय जनसंघ के संस्थापक, प्रखर राष्ट्रवादी चिंतक एवं महान देशभक्त डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस के अवसर पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भाजपा कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी और राष्ट्र की एकता, अखंडता तथा सांस्कृतिक राष्ट्रवाद के प्रति उनके योगदान को याद किया।
सभा को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक विद्यासागर केशरी ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का जीवन और बलिदान देश की एकता एवं अखंडता के लिए समर्पित रहा। उन्होंने कहा कि उनके आदर्श, विचार और राष्ट्रसेवा का संकल्प आज भी देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उनके बताए मार्ग पर चलकर ही राष्ट्र को और अधिक मजबूत बनाया जा सकता है।
वक्ताओं ने कहा कि डॉ. मुखर्जी ने राष्ट्रीय एकता के लिए महत्वपूर्ण संघर्ष किया और उनका योगदान भारतीय राजनीति के इतिहास में सदैव स्मरणीय रहेगा। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने उनके आदर्शों को आत्मसात करने तथा राष्ट्रहित में कार्य करने का संकल्प लिया। साथ ही “एक देश में दो विधान, दो प्रधान और दो निशान नहीं चलेंगे” के उनके ऐतिहासिक उद्घोष को याद करते हुए उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की गई।






















