नजरिया न्यूज़
अररिया। आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं भाईचारे के वातावरण में संपन्न कराने को लेकर जिला पदाधिकारी विनोद दूहन एवं पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनप्रतिनिधियों, शांति समिति के सदस्यों तथा विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक में ताजिया जुलूस मार्गों की साफ-सफाई, जलजमाव की समस्या के समाधान, सड़कों की मरम्मत, मिट्टी भराई, बिजली व्यवस्था तथा सुरक्षा संबंधी तैयारियों की समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को सभी आवश्यक कार्य समय पर पूरा करने का निर्देश दिया। वहीं पुलिस अधीक्षक ने नशाखोरों एवं असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखने तथा आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि बिना लाइसेंस कोई जुलूस नहीं निकाला जाएगा तथा सभी जुलूसों की वीडियोग्राफी कराई जाएगी। भड़काऊ गीत, डीजे और कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधियों पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने और अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं शांति समिति के सदस्यों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। सभी ने विश्वास जताया कि पूर्व वर्षों की भांति इस वर्ष भी मोहर्रम पर्व जिले में शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न होगा।






















