नजरिया न्यूज़
सिकटी।अररिया। विकास के दावों के बीच सिकटी प्रखंड की बेंगा पंचायत में मुख्यमंत्री सड़क योजना के तहत बनने वाली सड़क पिछले करीब चार वर्षों से अधूरी पड़ी है। सिकटी एभीम पथ से बस्सन पोखर होते हुए संथाली टोला तक बनने वाली इस सड़क का निर्माण वर्ष 2023-24 में लाखों रुपये की लागत से शुरू किया गया था। ग्रामीणों को उम्मीद थी कि सड़क बनने से आवागमन की समस्या दूर होगी और क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी, लेकिन निर्माण कार्य बीच में ही ठप हो गया।
जानकारी के अनुसार योजना के संवेदक अखलातूर रहमान के आकस्मिक निधन के बाद सड़क निर्माण कार्य रुक गया और तब से दोबारा शुरू नहीं हो सका। परिणामस्वरूप सड़क आज भी अधूरी अवस्था में पड़ी हुई है। बरसात के मौसम में कीचड़ और जलजमाव के कारण ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
स्थानीय किसान सकलदेव मंडल, लक्खन कामेत, लक्ष्मीकांत झा, श्रीकांत झा और कन्हैया झा ने नाराजगी जताते हुए कहा कि सड़क निर्माण पूरा नहीं होने से ग्रामीणों के साथ किसानों को भी नुकसान उठाना पड़ रहा है। उनका कहना है कि सड़क बनने से बाढ़ के समय जल निकासी और खेतों की सुरक्षा में भी मदद मिलती।
वहीं ग्रामीण कार्य विभाग के अभियंता ने बताया कि संवेदक के निधन के कारण कार्य प्रभावित हुआ है। विभागीय प्रक्रिया जारी है और प्रक्रिया पूरी होते ही निर्माण कार्य पुनः शुरू कराया जाएगा। हालांकि ग्रामीणों का सवाल है कि आखिर उन्हें इस सड़क के पूरा होने का इंतजार और कब तक करना पड़ेगा।






















