नजरिया न्यूज़
भरगामा। अररिया।
भरगामा प्रखंड के महथावा स्थित राजकीय डिग्री महाविद्यालय में स्नातक प्रथम सेमेस्टर (सत्र 2026-30) के लिए नामांकन प्रक्रिया सफलतापूर्वक संपन्न हो गई है। समर्थ पोर्टल के माध्यम से जारी प्रथम मेधा सूची के आधार पर आवंटित 120 विद्यार्थियों में से 89 छात्र-छात्राओं ने अपना नामांकन करा लिया है। नामांकन प्रक्रिया 22 जून को समाप्त हो गई है, जबकि नियमित कक्षाओं का संचालन 1 जुलाई से शुरू किया जाएगा।
महाविद्यालय के प्रभारी डॉ. प्रो. एस. एल. वर्मा ने बताया कि कॉलेज में विद्यार्थियों की पढ़ाई को सुचारू रूप से संचालित करने की तैयारी पूरी कर ली गई है। उन्होंने कहा कि प्रथम सेमेस्टर की कक्षाएं निर्धारित समय पर शुरू होंगी, ताकि छात्रों का शैक्षणिक सत्र प्रभावित न हो।
उन्होंने बताया कि महाविद्यालय में वर्तमान में हिंदी, अंग्रेजी, इतिहास, राजनीति विज्ञान, अर्थशास्त्र एवं समाजशास्त्र सहित छह विषयों में स्नातक स्तर की पढ़ाई की व्यवस्था की गई है। कॉलेज का संचालन फिलहाल अस्थायी रूप से प्लस-2 श्री दरबारी राय उच्च विद्यालय, महथावा परिसर से किया जा रहा है।
पूरी नामांकन प्रक्रिया में प्रधानाचार्य प्रोफेसर वर्मा के अलावा कालेज के नोडल पदाधिकारी, डॉ. मेराज आलम और शिक्षकेत्तर कर्मी बंशीधर झा,श्री दरबारी राय उच्च विद्यालय के प्राचार्य गुरुदेव मेहता,सगम लाल रजक का सराहनीय योगदान रहा।
इस बीच स्थानीय विधायक देवंती यादव ने महाविद्यालय की प्रगति एवं शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इस महाविद्यालय की स्थापना की गई है। कॉलेज के आधारभूत ढांचे के विकास, आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता तथा अन्य सुविधाओं के विस्तार के लिए हरसंभव सहयोग दिया जाएगा।
महाविद्यालय प्रशासन के अनुसार संस्थान में बुनियादी सुविधाओं के विकास, शैक्षणिक संसाधनों के विस्तार तथा शिक्षकों की नियुक्ति की प्रक्रिया लगातार जारी है। प्रशासन का लक्ष्य है कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया जाए।
महाविद्यालय खुलने से भरगामा एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए दूर-दराज के शहरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। स्थानीय स्तर पर स्नातक शिक्षा की सुविधा मिलने से खासकर आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के छात्रों को काफी लाभ होगा। कॉलेज में नामांकन को लेकर छात्रों और अभिभावकों में भी उत्साह देखा जा रहा है।






















