नजरिया न्यूज़
भरगामा। अररिया।
भरगामा प्रखंड क्षेत्र में आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं विधि-व्यवस्था के अनुरूप संपन्न कराने को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में भरगामा थाना परिसर में ताजिया कमिटी के सदस्यों एवं खलीफाओं के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थानाध्यक्ष राजेश कुमार ने की।
बैठक में थानाध्यक्ष ने सभी ताजिया कमिटियों को समय रहते जुलूस के लिए आवश्यक लाइसेंस प्राप्त करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि बिना लाइसेंस किसी भी ताजिया जुलूस की अनुमति नहीं दी जाएगी। सभी कमिटियां निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन कर लाइसेंस प्राप्त करें तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन करें।
उन्होंने कहा कि मुहर्रम आस्था एवं भाईचारे का पर्व है। इसे शांतिपूर्ण माहौल में मनाना सभी की जिम्मेदारी है। जुलूस के दौरान किसी भी प्रकार के भड़काऊ नारे, आपत्तिजनक गतिविधि अथवा कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाले कार्यों से बचने की सलाह दी गई। साथ ही जुलूस के निर्धारित मार्ग, समय एवं सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने को कहा गया।
थानाध्यक्ष ने बताया कि पर्व के दौरान पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहेगा और संवेदनशील स्थलों पर वीडिओ ग्राफी सहित ड्रोन कैमरे से विशेष निगरानी रखी जाएगी। बैठक में मौजूद ताजिया कमिटी के सदस्यों एवं खलीफाओं ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया तथा शांतिपूर्ण ढंग से पर्व मनाने का संकल्प लिया।






















