नजरिया न्यूज़,अररिया।
केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) द्वारा आयोजित होने वाली लिखित परीक्षा के सफल, निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त संचालन को लेकर मंगलवार को समाहरणालय स्थित डीआरडीए सभागार में अपर समाहर्ता अनिल कुमार झा की अध्यक्षता में समीक्षा एवं ब्रीफिंग बैठक आयोजित की गई। बैठक में परीक्षा से जुड़े सभी केंद्राधीक्षक, दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में बताया गया कि सिपाही भर्ती की लिखित परीक्षा 24 जून को अररिया जिला मुख्यालय के 16 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होगी। परीक्षा दो प्रश्न-पत्रों में होगी, जिसका आयोजन सुबह 10 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक लगातार बैठक में किया जाएगा।
अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि बिना प्रवेश पत्र और फोटो पहचान पत्र के किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाए। मोबाइल, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ सहित सभी इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। अभ्यर्थियों की रिपोर्टिंग सुबह 8 बजे से होगी तथा सुबह 9 बजे के बाद किसी को प्रवेश नहीं मिलेगा।
महिला अभ्यर्थियों की जांच के लिए अलग व्यवस्था करने, सभी केंद्रों पर पेयजल, बिजली, शौचालय एवं सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। परीक्षा अवधि में केंद्रों के आसपास निषेधाज्ञा लागू रहेगी तथा फोटोस्टेट दुकानों को बंद रखने की कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं।






















