नजरिया न्यूज़, अररिया।
आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर मंगलवार को जिलाधिकारी विनोद दूहन एवं पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विधि-व्यवस्था समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के सभी प्रखंड एवं थाना स्तर के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को मुहर्रम के दौरान विशेष सतर्कता बरतने, संवेदनशील स्थलों पर कड़ी निगरानी रखने तथा शांति एवं भाईचारा बनाए रखने के लिए सभी तैयारियां समय पर पूरी करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्थानीय स्तर पर शांति समिति की बैठकें आयोजित कर जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य लोगों के साथ समन्वय बनाए रखने पर भी जोर दिया।
बैठक में भू-समाधान पोर्टल पर लंबित मामलों के निष्पादन, उत्पाद विभाग के कार्यों, थाना परिसरों में सीसीटीवी कैमरों की स्थापना, अवैध खनन की निगरानी, नीलाम पत्र वादों के निष्पादन तथा चरित्र एवं शस्त्र सत्यापन से जुड़े मामलों की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को सभी लंबित मामलों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
पुलिस अधीक्षक ने सभी पदाधिकारियों से आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा जनहित से जुड़े मामलों के त्वरित निष्पादन को प्राथमिकता देने की अपील की। बैठक में जिले के विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।






















