वीरेंद्र चौहान नजरिया न्यूज ब्यूरो किशनगंज, 23 जून।
इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी, किशनगंज द्वारा मंगलवार को खगड़ा स्थित खेल भवन परिसर में पुलिस अधीक्षक श्री संतोष कुमार के नेतृत्व में पुलिस परिवार की ओर से स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिले के नवपदस्थापित जिलाधिकारी सह अध्यक्ष, इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी, किशनगंज श्री नवीन कुमार ने स्वयं रक्तदान कर समाज के समक्ष एक प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया तथा लोगों को रक्तदान के लिए जागरूक किया।
रक्तदान शिविर का उद्घाटन जिलाधिकारी नवीन कुमार, पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार, रेड क्रॉस सोसाइटी के चेयरमैन डॉ. इच्छित भारत एवं सचिव श्री मिक्की साहा द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम के दौरान रेड क्रॉस सोसाइटी के सचिव श्री मिक्की साहा ने पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंट कर जिलाधिकारी का स्वागत किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी श्री नवीन कुमार ने कहा कि रक्तदान मानवता की सेवा का सबसे श्रेष्ठ माध्यम है। किसी जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन की रक्षा के लिए रक्तदान से बड़ा कोई दान नहीं हो सकता। उन्होंने युवाओं एवं आमजन से रक्तदान से जुड़ी भ्रांतियों को दूर कर इस पुण्य कार्य में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि एक यूनिट रक्त किसी व्यक्ति को नया जीवन प्रदान कर सकता है। जिलाधिकारी ने रेड क्रॉस सोसाइटी द्वारा किए जा रहे मानवीय एवं रचनात्मक कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि जरूरतमंद लोगों तक सहायता एवं राहत पहुंचाने का यह अभियान आगे भी और अधिक प्रभावी ढंग से जारी रहेगा।
पुलिस अधीक्षक श्री संतोष कुमार ने कहा कि पुलिस जवानों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर मानव सेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व का परिचय दिया है। उन्होंने कहा कि समाज एवं राष्ट्र सेवा के साथ-साथ रक्तदाता भी अपने रक्तदान के माध्यम से जरूरतमंदों के जीवन रक्षक बनते हैं। उन्होंने रक्तदान के प्रति समाज में फैली भ्रांतियों को दूर करते हुए कहा कि रक्तदान से शरीर पर कोई नकारात्मक प्रभाव नहीं पड़ता है। इसके विपरीत रक्तदान करने से शरीर में नई एंटीबॉडीज का निर्माण होता है, जिससे रोग प्रतिरोधक क्षमता मजबूत होती है। उन्होंने कहा कि दान किया गया रक्त कुछ ही दिनों में शरीर में पुनः बन जाता है, इसलिए किसी को भी रक्तदान से घबराने की आवश्यकता नहीं है।
रेड क्रॉस सोसाइटी के चेयरमैन डॉ. इच्छित भारत ने कहा कि रक्तदान मानवता की सेवा का सर्वोत्तम माध्यम है। एक यूनिट रक्त किसी के जीवन को बचाने में संजीवनी का कार्य करता है। उन्होंने बताया कि नियमित रक्तदान करने से शरीर में आयरन का स्तर संतुलित रहता है तथा हृदयाघात एवं स्ट्रोक जैसी बीमारियों के जोखिम को कम करने में भी सहायता मिल सकती है।
रेड क्रॉस सोसाइटी के सचिव श्री मिक्की साहा ने कहा कि रेड क्रॉस के स्वयंसेवक दुनिया भर में निःस्वार्थ भाव से मानव सेवा में लगे रहते हैं। उन्होंने बताया कि जिले में रेड क्रॉस के स्वयंसेवक जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में महामारी, बाढ़, सड़क दुर्घटनाओं एवं अन्य आपदा की स्थितियों में पीड़ित लोगों की सहायता करते रहे हैं। उन्होंने कहा कि रेड क्रॉस सोसाइटी भविष्य में भी नई ऊर्जा एवं उत्साह के साथ जनसेवा के लिए प्रतिबद्ध रहेगी। उन्होंने बताया कि “टीबी मुक्त भारत अभियान” के अंतर्गत रेड क्रॉस द्वारा टीबी रोगियों को गोद लेकर उन्हें निःशुल्क खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है तथा यह अभियान लगातार जारी है।
शिविर में रक्तदान करने वाले सभी रक्तदाताओं को जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं। रक्तदान शिविर में कुल 38 यूनिट रक्त का संग्रह किया गया।
इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉ. राज किशोर चौधरी, डीएस डॉ. अनवर हुसैन, रेड क्रॉस सोसाइटी के वाइस चेयरमैन श्री शंकरलाल महेश्वरी, श्री नागरमल झावर, श्री राजकरण दफ्तरी, श्री रमेश साहा, श्री नवीन साहा, श्री विमल मित्तल, श्री प्रकाश बोथरा, श्री शिवम साहा, श्री सिरोजित दास, श्री अजय सिंह, श्री सौरभ कुमार सहित ब्लड बैंक सदर अस्पताल एवं मेडिकल कॉलेज के चिकित्सक एवं तकनीशियन उपस्थित थे।






















