संजय कुमार, संवाददाता | पलासी अररिया
पलासी थाना क्षेत्र में पुलिस ने शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में नेपाली शराब बरामद की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार 17 जून 2026 को डायल-112 को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति बाइक से अवैध शराब लेकर जा रहा है।सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हुई और बताए गए स्थान की ओर रवाना हुई। पुलिस वाहन को देखकर संदिग्ध युवक अपनी मोटरसाइकिल छोड़कर भागने लगा। पुलिस कर्मियों ने उसका पीछा किया, लेकिन वह अंधेरे और खेतों का लाभ उठाकर फरार हो गया।इसके बाद पुलिस ने मौके पर खड़ी बाइक की तलाशी ली। तलाशी के दौरान मोटरसाइकिल पर रखे दो प्लास्टिक के बोरे से बड़ी मात्रा में नेपाली शराब बरामद हुई। बरामद शराब में विभिन्न ब्रांड की कुल 41 बोतलें शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार जब्त शराब की कुल मात्रा लगभग 30.30 लीटर बताई गई है। साथ ही शराब ढोने में प्रयुक्त काले रंग की एक मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली गई है।
जब्त बाइक का रजिस्ट्रेशन नंबर BR-37L-9017 बताया गया है। पुलिस ने बरामद शराब और वाहन को थाना लाकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की।
इस मामले में पलासी थाना कांड संख्या 263/26 दर्ज किया गया है। मामला बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत दर्ज किया गया है।
थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार ने बताया कि फरार आरोपी की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि शराब तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।क्षेत्र में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है।





















