संजय कुमार, संवाददाता, पलासी अररिया
पलासी प्रखंड मुख्यालय परिसर में बुधवार को बिहार सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आम लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से प्रखंड सहयोग-सह-जन कल्याण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर विभिन्न योजनाओं से संबंधित समस्याओं का समाधान कराने के लिए आवेदन दिए।
शिविर में लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कुल 17 अलग-अलग काउंटर बनाए गए थे। प्रत्येक काउंटर पर संबंधित विभाग के नोडल अधिकारी तैनात थे, जिन्होंने लोगों की शिकायतें सुनीं और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
शिविर के दौरान खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग, सामाजिक सुरक्षा कोषांग, विद्युत विभाग, राजस्व विभाग तथा ग्रामीण विकास विभाग के काउंटरों पर सबसे अधिक भीड़ देखने को मिली। लोगों ने राशन कार्ड, पेंशन, बिजली, भूमि विवाद, आवास एवं अन्य सरकारी योजनाओं से जुड़ी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं।
इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी आदित्य प्रकाश ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि जनकल्याण शिविर में आने के दौरान आधार कार्ड, राशन कार्ड, बैंक पासबुक एवं अन्य आवश्यक दस्तावेज अपने साथ अवश्य लेकर आएं, ताकि आवेदनों का त्वरित निष्पादन किया जा सके।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पारदर्शी एवं सरल तरीके से पहुंचाना है। ऐसे शिविरों के माध्यम से लोगों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान करने का प्रयास किया जा रहा है।
शिविर में प्रभारी डॉ. जहांगीर आलम, बीपीआरओ अखिलेश कुमार, विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी सहित बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे। पूरे शिविर के दौरान लोगों की समस्याओं के निष्पादन की प्रक्रिया जारी रही।




















