संजय कुमार, संवाददाता, पलासी अररिया
पलासी थाना क्षेत्र के डाला चौक के समीप बुधवार को सड़क किनारे एक 55 वर्षीय व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई।
स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना पलासी थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की।
मृतक की पहचान चहटपुर पंचायत के डोमिरिया टोला निवासी जाकिर उद्दीन (55 वर्ष) के रूप में हुई है। शव मिलने की परिस्थितियां संदिग्ध होने के कारण पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की तथा पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, अररिया भेज दिया। परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी गई है।
थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है।
घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। हालांकि पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने तथा जांच में सहयोग करने की अपील की है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




















