नजरिया न्यूज। भरगामा।
तेज रफ्तार से आ रही बाइक अनियंत्रित होकर जागेश्वरी गैस गोदाम के सामने भरगामा- महथावा सड़क पर खड़े एक ट्रक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार सुकेला वार्ड संख्या 2 निवासी डोमी शर्मा का 25 वर्षीय पुत्र पिंटू कुमार अपने एक सहयोगी भजन शर्मा के 22 वर्षीय पुत्र अमित शर्मा भरगामा बाजार से बाइक पर सवार होकर वापस अपने घर जा रहे थे। इसी दौरान जागेश्वरी गैस गोदाम के सामने एक बच्ची को बचाने के क्रम में बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर खड़ी एक ट्रक में टक्कर मार दी। जिससे बाइक सवार उक्त दोनों युवक बुरी तरह घायल हो गए। बताया जाता है कि रात में ही ट्रक खराब हो जाने के चलते सड़क पर खड़ी थी ।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को इलाज के लिए भरगामा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। जहां अस्पताल के चिकित्सकों ने घायलों का प्राथमिक उपचार करने के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया । इधर घटना की सूचना और इकट्ठा ग्रामीणों की भीड़ में जागेश्वरी गैस एजेंसी के समीप भरगामा – महथावा सडक को बांस बल्ला लगाकर जामकर दिया। घायलों का समुचित इलाज को लेकर मुआवजा दिलाने तथा भरगामा – महथावा सड़क चौड़ीकरण नहीं होने के चलते हमेशा हो रही दुर्घटना के विरोध व अभिलंब सड़क का चौड़ीकरण की मांग करते हुए प्रदर्शन किया। सड़क जाम के कारण सडक पर आवागमन बाधित हो गया और सडक के दोनों ओर गाडियों की लंबी लाईन लग गई। घटना की सूचना पर पहुंचे एसआई प्रमोद कुमार सिंह एवं सशस्त्र बल करीब एक घंटे बाद आक्रोशित लोगो को स्थानीय गणमान्य लोगो के सहयोग से समझा बुझाकर शांत कराया। और सड़क जाम खुलवाकर सड़क पर आवागमन को बहाल करवाया। इधर भरगामा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में दोनों घायलों के इलाज करने वाले चिकित्सक आर एन प्रजापति ने बताया दोनों युवकों के सर में गंभीर जख्म है। दोनों की स्थिति को चिंताजनक देख हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।
इधर घटना को लेकर भरगामा थानाध्यक्ष मनीष कुमार ने बताया छानबीन के दौरान पता चला कि बाइक पर सवार युवक तेज गति से सुकेला की ओर आ रहा था जो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खराब पड़ी ट्रक से जा टकराया। युवक की स्थिति काफी गंभीर देखते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया जहां से चिकित्सकों ने अररिया रेफर कर दिया।





















