नजरिया न्यूज़,
भरगामा:अररिया।
बिहार के विभिन्न जिलों में हो रहे धरना-प्रदर्शन को देखते हुए भरगामा प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा आमजन में सुरक्षा का भरोसा कायम रखने के उद्देश्य से शनिवार को प्रखंड प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने संयुक्त रूप से फ्लैग मार्च निकाला।
फ्लैग मार्च का नेतृत्व प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) केशव कुमार राय, अंचलाधिकारी पूजा कुमारी तथा थानाध्यक्ष राजेश कुमार ने किया। इस दौरान सशस्त्र बल के जवानों के साथ भरगामा बाजार, पैकपार, रघुनाथपुर, जिलेबिया मोड़, कदम चौक और महथावा बाजार सहित विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों में मार्च किया गया।
अधिकारियों ने लोगों से शांति, सौहार्द और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील की। साथ ही लोगों से किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान नहीं देने तथा सोशल मीडिया पर भ्रामक या भड़काऊ सामग्री साझा करने से बचने का आग्रह किया।
प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया कि क्षेत्र में अशांति फैलाने, उपद्रव करने या सोशल मीडिया एवं अन्य माध्यमों से भ्रामक खबरें प्रसारित कर माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वाले लोगों की पहचान कर उनके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस बल पूरी मुस्तैदी के साथ तैनात रहा। अधिकारियों ने कहा कि आम नागरिकों की सुरक्षा और क्षेत्र में शांति बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा किसी भी स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन पूरी तरह तैयार है।











