नजरिया न्यूज़,
सिकटी:अररिया।
सिकटी प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत मध्य विद्यालय सोहागमाड़ो में शनिवार को प्रधानाध्यापक दिनेश पासवान की अध्यक्षता में शिक्षक-अभिभावक गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी में शिक्षा की गुणवत्ता और बच्चों के भविष्य को लेकर विस्तार से चर्चाg हुई। गोष्ठी में सोहागमाड़ो सहित आसपास के विभिन्न गांवों से सैकड़ों की संख्या में बच्चों के अभिभावक पहुंचे। अभिभावकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और शिक्षकों के साथ अपने सुझाव साझा किए। प्रधानाध्यापक दिनेश पासवान ने कहा कि बच्चों की सफलता के लिए स्कूल और घर दोनों का सहयोग जरूरी है। बैठक में बच्चों की पढ़ाई, कमजोर विषयों में सुधार और परीक्षा परिणाम बेहतर बनाने पर जोर दिया गया, समय पर स्कूल आना, गृहकार्य पूरा करना और अनुशासन बनाए रखने पर चर्चा की गई, मध्याह्न भोजन, पोशाक, पुस्तक और छात्रवृत्ति जैसी योजनाओं की जानकारी दी गई, अभिभावकों से बच्चों की पढ़ाई पर निगरानी रखने और शिक्षकों से नियमित संपर्क में रहने की अपील की गई।इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक अम्ब्रीष राहुल, शिक्षक राजीव, शिक्षक दिनेश मंडल सहित अन्य शिक्षकगण भी उपस्थित रहे। सभी शिक्षकों ने अभिभावकों के सवालों का जवाब दिया और बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए मिलकर काम करने का भरोसा दिलाया। गोष्ठी के अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। अभिभावकों ने इस तरह की गोष्ठी समय-समय पर आयोजित करने की मांग भी की।






















