– दो बाइक व एक स्कूटी जब्त,
– अंधेरे का फायदा उठाकर दो तस्कर नेपाल भागे
नजरिया न्यूज़,
नरपतगंज :अररिया। भारत-नेपाल सीमा पर शराब तस्करी के खिलाफ फुलकाहा थाना पुलिस एवं सशस्त्र सीमा बल (SSB) ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 123 लीटर नेपाली शराब के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। वहीं दो अन्य तस्कर अंधेरे का लाभ उठाकर नेपाल की ओर फरार हो गए। कार्रवाई के दौरान तस्करी में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल और एक स्कूटी भी जब्त की गई।
जानकारी के अनुसार, SSB इंस्पेक्टर जितेंद्र सिंह यादव को मिली गुप्त सूचना के आधार पर शुक्रवार की शाम करीब 5:15 बजे भारत-नेपाल सीमा स्थित पिलर संख्या 188/04 के समीप विशेष संयुक्त गश्ती अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व SSB के सहायक उपनिरीक्षक महावीर प्रसाद एवं फुलकाहा थाना के एसआई अमन कुमार कर रहे थे।
गश्ती के दौरान नेपाल की ओर से दो मोटरसाइकिल एवं एक स्कूटी भारत की सीमा में प्रवेश करती दिखाई दी। जवानों द्वारा रुकने का संकेत दिए जाने पर तस्करों ने वाहन छोड़कर भागने का प्रयास किया। इस दौरान दो तस्कर नेपाल की ओर फरार हो गए, जबकि स्कूटी सवार परमानंद मुखिया को जवानों ने पीछा कर दबोच लिया।
पूछताछ में गिरफ्तार परमानंद मुखिया ने स्वयं को सुपौल जिले के भीमपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत चैनपुर बलुआ वार्ड संख्या-09 का निवासी बताया। उसने स्वीकार किया कि नेपाल के पांचोसीमर गांव स्थित माहेश्वरी यादव की दुकान से शराब खरीदकर स्कूटी एवं बाइक की डिक्की में छिपाकर भारत लाया जा रहा था, जहां इसकी बिक्री की जानी थी।
तलाशी के दौरान टीवीएस जुपिटर स्कूटी (BR-50AJ-6904) से 21 लीटर, होंडा शाइन मोटरसाइकिल (BR-38A-2490) से 51 लीटर तथा बिना नंबर की टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल से 51 लीटर नेपाली शराब बरामद की गई। इस प्रकार कुल 123 लीटर नेपाली शराब जब्त की गई।
SSB के आवेदन पर गिरफ्तार परमानंद मुखिया एवं दो अज्ञात फरार तस्करों के विरुद्ध फुलकाहा थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। गिरफ्तार आरोपी का मेडिकल परीक्षण कराने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
थानाध्यक्ष विकास कुमार मौर्य ने बताया कि गिरफ्तार तस्कर से पूछताछ की जा रही है तथा फरार आरोपितों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। सीमा पर हुई इस संयुक्त कार्रवाई से शराब तस्करों में हड़कंप मच गया है।






















