नजरिया न्यूज़,
अररिया। अररिया पुलिस ने मोबाइल फोन से लदे कंटेनर से सामान गायब करने के चर्चित मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर रियलमी एवं ओप्पो कंपनी के 2050 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। वहीं, कंटेनर के सह चालक को भी ट्रांजिट रिमांड पर लेकर अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 9 जून 2026 को वाहन संख्या KA-02AJ-1157 के चालक एवं अन्य अज्ञात व्यक्तियों द्वारा रियलमी और ओप्पो कंपनी के मोबाइल फोन व एक्सेसरी से भरा कंटेनर गायब कर दिया गया था। बाद में वाहन को जीरो माइल स्थित एचपी पेट्रोल पंप के पास छोड़कर आरोपी फरार हो गए थे। इस संबंध में अररिया थाना कांड संख्या 314/26 दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
जांच के दौरान पुलिस ने पहले हरियाणा, नई दिल्ली और उत्तर प्रदेश से पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर 1437 मोबाइल फोन, एक लैपटॉप, घटना में प्रयुक्त पांच वाहन तथा 6.97 लाख रुपये नकद बरामद किए थे।
अब इस कांड में पुलिस ने मथुरा (उत्तर प्रदेश) के शेरगढ़ थाना क्षेत्र के विसम्भरा निवासी अनीश (33) को गिरफ्तार किया है। उसकी निशानदेही पर चोरी गए 2050 मोबाइल फोन बरामद किए गए। साथ ही कंटेनर के सह चालक तालीम को भी ट्रांजिट रिमांड पर लिया गया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत कर अग्रेतर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, इस मामले में अब तक कुल सात आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। साथ ही 3487 मोबाइल फोन, एक लैपटॉप, पांच वाहन और 6.97 लाख रुपये नकद बरामद किए जा चुके हैं। शेष आरोपियों की गिरफ्तारी एवं अन्य सामानों की बरामदगी के लिए लगातार छापेमारी जारी है।






















