नजरिया न्यूज़,
फारबिसगंज:अररिया।
प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत निक्षय मित्र योजना के तहत शनिवार को एएनएम सेंटर, फारबिसगंज में अनुमंडल पदाधिकारी अभय कुमार की अध्यक्षता में एक गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान अनुमंडल क्षेत्र के 185 टीबी मरीजों के बीच पोषण सामग्री (फूड बास्केट) का वितरण किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य टीबी मरीजों को उपचार के साथ-साथ आवश्यक पोषण उपलब्ध कराना तथा समाज के विभिन्न वर्गों को टीबी उन्मूलन अभियान से जोड़ना था। अनुमंडल पदाधिकारी अभय कुमार ने वितरण कार्यक्रम का निरीक्षण करते हुए निक्षय मित्रों एवं सामाजिक संगठनों द्वारा किए जा रहे सहयोग की सराहना की। उन्होंने कहा कि जनसहभागिता से ही टीबी मुक्त भारत के लक्ष्य को शीघ्र प्राप्त किया जा सकता है।
इस अवसर पर अनुमंडल कृषि पदाधिकारी राहुल कुमार, ओल्ड पीएचसी के प्रभारी राजीव बसाक सहित निक्षय मित्र के रूप में मारवाड़ी युवा मंच, लाइफ सेवियर फाउंडेशन के रजत कुमार रंजन, दधीचि देहदान समिति के अध्यक्ष अजातशत्रु अग्रवाल, अग्रवाल महासभा के इंजीनियर आयुष अग्रवाल, सिविल सोसायटी के अध्यक्ष मांगीलाल गोलछा, बिनोद सरावगी, विजय प्रकाश, अमित शर्मा, लक्ष्मण शर्मा एवं गौरव सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी निक्षय मित्रों ने टीबी मरीजों के बेहतर स्वास्थ्य एवं टीबी मुक्त भारत अभियान को सफल बनाने के लिए निरंतर सहयोग देने का संकल्प लिया।






















