नजरिया न्यूज़,
फारबिसगंज:अररिया। अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) अभय कुमार की अध्यक्षता में शनिवार को अनुमंडल सभागार में कस्टम मिल्ड राइस (सीएमआर) की प्रगति की समीक्षा को लेकर बैठक आयोजित हुई। इसमें सभी मिलर, प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी (बीसीओ), पैक्स अध्यक्ष एवं संबंधित विभागीय अधिकारी शामिल हुए।
बैठक में एसडीएम ने निर्देश दिया कि शेष सीएमआर चावल हर हाल में 31 जुलाई तक सरकारी गोदामों में पहुंचाया जाए। उन्होंने पैक्स अध्यक्षों से कहा कि उपलब्ध धान एवं शेष सामग्री बिना विलंब संबंधित मिलरों को उपलब्ध कराएं, ताकि समय पर मिलिंग कर चावल की आपूर्ति की जा सके।
एसडीएम ने कहा कि निर्धारित समय-सीमा का कड़ाई से पालन किया जाए। लापरवाही या अनावश्यक देरी करने वाले पैक्स अथवा मिलरों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सीएमआर चावल की गुणवत्ता पर विशेष जोर देते हुए स्पष्ट किया कि निर्धारित मानकों से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं होगा। बैठक में अधिकारियों ने समन्वय के साथ कार्य करते हुए लक्ष्य समय पर पूरा करने का निर्देश दिया।






















