समस्तीपुर/दलसिंहसराय (राज कुमार सिंह)
दलसिंहसराय प्रखंड के पांर पंचायत स्थित उच्च माध्यमिक विद्यालय, पांड़ में शनिवार को आयोजित अभिनन्द समारोह में बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा घोषित इंटरमीडिएट विज्ञान संकाय के परिणाम में राज्य स्तर पर 481अंक लाकर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले छात्र आदित्य प्रकाश अमन को सम्मानित किया गया। इस समारोह के मुख्य अतिथि विद्यालय प्रबंध समित के अध्यक्ष सह पूर्व शिक्षा मंत्री एवं स्थानीय विधायक आलोक कुमार मेहता ने आदित्य को प्रशस्ति पत्र, स्मृति चिन्ह एवं फूलों का गुलदस्ता देकर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। समारोह को संबोधित करते हुए श्री मेहता ने कहा कि आदित्य की सफलता पूरे राज्य के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा है। उन्होंने कहा कि कठिन परिश्रम, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण से कोई भी छात्र बड़ी उपलब्धि हासिल कर सकता है, और राज्य के सभी विद्यार्थियों से आदित्य से प्रेरणा लेकर शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का आह्वान किया।
सम्मान प्राप्त करने के बाद आदित्य ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, शिक्षकों एवं नियमित अध्ययन को दिया। उन्होंने कहा कि निरंतर मेहनत और सकारात्मक सोच के बल पर यह सफलता प्राप्त हुई है। मौके पर विद्यालय के शिक्षक, अभिभावक, शिक्षा विभाग के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे। सभी ने आदित्य की उपलब्धि पर खुशी व्यक्त करते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। समारोह का वातावरण उत्साह और गर्व से भरा रहा तथा उपस्थित लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट से आदित्य का स्वागत किया। मौके पर प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी प्रभात रंजन, मुखिया सुनीता देवी, प्रखंड उप प्रमुख अमरकांत कुमार, प्रखंड अध्यक्ष मो० जाबिर हुसैन, प्रधान महासचिव राज दीपक, नंद किशोर महतो, वीरेंद्र सिंह, मो० नैयर आज़म, मो० हैदर सहित विद्यालय दर्ज़नो शिक्षक, शिक्षिकाएं एवं छात्र छात्राएं मौजूद थे।



















