नजरिया न्यूज़, अररिया।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय, अररिया द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। दिनांक 01 मई 2026 को नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत न्यू मरंगा बाबा एनएच-27 पक्की सड़क के समीप गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए मालदा (पश्चिम बंगाल) के चार कुख्यात स्मैक सप्लायरों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान मो. उमेर अली (21 वर्ष), मो. रोहित शेख (19 वर्ष), सबीरूल शेख (27 वर्ष) और सदीकुल (19 वर्ष) के रूप में हुई है। ये सभी पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों के निवासी हैं। पुलिस ने इनके पास से कुल 1 किलो 35 ग्राम (1.035 किलोग्राम) स्मैक जैसा मादक पदार्थ बरामद किया है, जिसकी बाजार में कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। इसके अलावा एक हुंडई वेन्यु कार (रजि. नं. WB02 AQ 3598), चार मोबाइल फोन, एक ड्राइविंग लाइसेंस तथा दो वोटर आईडी कार्ड सहित अन्य सामान भी जब्त किया गया है।
पुलिस के अनुसार, इस कार्रवाई की कड़ी पहले से गिरफ्तार स्मैक सप्लायर हैदर से जुड़ी हुई है, जिसे 26 अप्रैल 2026 को जिरोमाइल क्षेत्र से पकड़ा गया था। हैदर से पूछताछ के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण जानकारी मिली थी कि उसके सहयोगी मालदा से स्मैक की खेप लेकर अररिया आने वाले हैं। इसी सूचना के आधार पर पुलिस ने जाल बिछाया और न्यू मरंगा ढाबा के पास संदिग्ध वाहन को रोककर तलाशी ली।
तलाशी के दौरान कार के डैशबोर्ड में बने टूल बॉक्स से स्मैक बरामद किया गया। इसके बाद चारों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में सभी अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि वे मालदा जिले के श्रीरामपुर कलियाचक क्षेत्र से जुड़े हैं और लंबे समय से स्मैक की तस्करी के नेटवर्क का हिस्सा हैं।
इस संबंध में अररिया थाना में कांड संख्या 230/2026 दर्ज किया गया है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 111(4) तथा एनडीपीएस एक्ट की धारा 8(सी), 21(सी), 25 और 29 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जिले में नशा तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और किसी भी कीमत पर इस अवैध धंधे को पनपने नहीं दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान कर उन्हें भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
इस कार्रवाई को अररिया पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है, जिससे जिले में मादक पदार्थों की आपूर्ति पर प्रभावी रोक लगाने में मदद मिलेगी। पुलिस की इस सख्ती से नशा कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।






















