संजय कुमार संवाददाता पलासी अररिया
पलासी थाना पुलिस ने गुरुवार को गुप्त सूचना के आधार पर मजलिसपुर वार्ड संख्या 05 में छापेमारी कर एक महिला को स्मैक के साथ गिरफ्तार किया। गिरफ्तार महिला की पहचान कुन्ती देवी, पति रामानंद सिंह, निवासी मजलिसपुर वार्ड 05 के रूप में हुई है।जानकारी के अनुसार पलासी थाना में पदस्थापित पुअनि मिथुन कुमार शर्मा सशस्त्र बल, महिला पुलिस व सरकारी वाहन के साथ क्षेत्र में गश्ती पर थे। इसी दौरान दोपहर करीब 12 बजे सूचना मिली कि कुन्ती देवी अपने दुकान से अवैध रूप से स्मैक की बिक्री कर रही है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने वरीय अधिकारियों को अवगत कराते हुए उक्त दुकान पर छापेमारी की। पुलिस वाहन को देखते ही वहां मौजूद तीन-चार लोग भाग निकले।इसके बाद पुलिस ने विधि सम्मत कार्रवाई करते हुए महिला से तलाशी की सहमति ली तथा एनडीपीएस एक्ट की धारा 50 के तहत नोटिस देकर तलाशी शुरू की।
तलाशी के दौरान दुकान के अंदर बने टीन टाटी के घर में चौकी पर रखे तकिया के नीचे तथा फ्रीज में छिपाकर रखी गई कुल 44 पुड़िया स्मैक बरामद की गई।
बरामद पुड़िया का इलेक्ट्रॉनिक तराजू से वजन कराने पर पन्नी सहित कुल 13.40 ग्राम स्मैक पाया गया।
इसके अलावा दुकान में रखे एक पर्स से 11 हजार 535 रुपये नगद, एक काला प्लास्टिक पन्नी तथा एक निनो कंपनी का टच स्क्रीन स्मार्ट मोबाइल फोन भी जब्त किया गया।पूरी बरामदगी की वीडियोग्राफी कर विधिवत जब्ती सूची तैयार की गई और बरामद स्मैक को सील बंद कर थाना लाया गया।पुलिस ने मौके से कुन्ती देवी को गिरफ्तार कर लिया तथा गिरफ्तारी की सूचना उसके परिजनों को दे दी।
गिरफ्तार महिला को थाना लाकर पूछताछ की जा रही है।इस संबंध में पुअनि मिथुन कुमार शर्मा के लिखित आवेदन पर महिला अभियुक्त के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की जा रही है।पलासी थाना पुलिस मामले की आगे की जांच में जुट गई है।






















